जीवन किसी स्थिर चित्र या जड़ संरचना का नाम नहीं है। वह तो एक निरंतर बहती हुई धारा है—जिसमें ठहराव नहीं, केवल प्रवाह है। इस प्रवाह में कभी संघर्षों की तीखी धूप हमें झुलसाती है, तो कभी सुकून की शीतल छाँव हमारी थकान को सहला जाती है। हर अनुभव, हर पड़ाव, हर ठोकर और हर उपलब्धि हमारे भीतर एक अदृश्य डायरी में दर्ज होती चली जाती है—एक ऐसी डायरी जिसे समय स्वयं लिखता है और स्मृति सहेजती है।
प्रकृति का शाश्वत नियम है—निरंतर आगे बढ़ते रहना। जो ठहर गया, उसका क्षय निश्चित है। नदी यदि रुक जाए तो वह दलदल बन जाती है; हवा यदि थम जाए तो घुटन पैदा करती है; और जीवन यदि जड़ हो जाए तो उसका अर्थ समाप्त हो जाता है। इसलिए जीवन में परिवर्तन केवल अनिवार्य नहीं, बल्कि आवश्यक भी है। समय के साथ सब कुछ चलायमान है—हमारी परिस्थितियाँ, हमारे विचार, हमारे संबंध और हम स्वयं भी।
इस जीवन-यात्रा में हम अकेले नहीं चलते। राह में लोग मिलते हैं—कुछ चंद कदमों तक, कुछ घंटों तक, कुछ दिनों तक; कुछ महीनों या वर्षों तक, और कुछ सौभाग्यशाली लोग ऐसे भी होते हैं जो जीवन भर साथ निभाते हैं। यह साथ चलना ही जीवन को मानवीय बनाता है। यदि जीवन केवल घटनाओं का क्रम होता, तो वह यांत्रिक होता; पर संबंध उसे संवेदनशीलता प्रदान करते हैं।
हर मिलने वाला व्यक्ति हमारे जीवन में एक भूमिका निभाता है। कोई हमें हँसना सिखाता है, कोई सहना; कोई विश्वास देता है, तो कोई धैर्य; कोई हमें टूटना सिखाता है, तो कोई हमें फिर से खड़ा होना। विडंबना यह है कि हम अक्सर संबंधों को उनकी अवधि से आंकते हैं, उनके प्रभाव से नहीं। हम यह भूल जाते हैं कि कुछ लोग भले ही थोड़े समय के लिए आए हों, पर उन्होंने हमारे भीतर स्थायी परिवर्तन कर दिए होते हैं।
जीवन की यात्रा तब अपेक्षाकृत आसान हो जाती है जब हमारे साथ चलने वाला संवेदनशील, समझदार और सकारात्मक दृष्टिकोण वाला हो। ऐसा सहयात्री केवल हमारे सुख का भागीदार नहीं बनता, बल्कि हमारे दुःख को भी बिना शर्त स्वीकार करता है। वह हमारे मौन को सुन लेता है, हमारी थकान को पहचान लेता है और हमारे संघर्षों में हमें कमजोर नहीं, बल्कि मानवीय मानता है।
परंतु यहीं जीवन का सबसे बड़ा सत्य भी छिपा है—यह निश्चित नहीं कि साथ चलने वाला कब तक साथ चलेगा। कोई मोड़ ऐसा आता है जहाँ रास्ते अलग हो जाते हैं। कोई अपने गंतव्य की ओर मुड़ जाता है, कोई हमारी यात्रा से आगे निकल जाता है, और कोई पीछे छूट जाता है। यह बिछोह हमेशा कटु नहीं होता, पर पीड़ादायक अवश्य होता है।
मनुष्य की पीड़ा यहाँ जन्म लेती है। वह जानता है कि कुछ भी स्थायी नहीं है, फिर भी वह स्थायित्व की कामना करता है। वह जानता है कि संबंध अस्थायी हैं, फिर भी वह उन्हें स्थायी भाव से जीता है। यही द्वंद्व मनुष्य को मनुष्य बनाता है। यदि वह संवेदना से रहित होता, तो बिछोह उसे पीड़ा न देता; और यदि वह यथार्थ से अनभिज्ञ होता, तो वह हर बिछोह में टूट जाता।
समझदार व्यक्ति वह नहीं है जो यह मान ले कि कोई साथ नहीं चलेगा, बल्कि वह है जो यह स्वीकार कर ले कि साथ की गारंटी नहीं होती, पर साथ की गरिमा होती है। जो थोड़ी देर साथ चला, यदि उसने ईमानदारी से साथ निभाया, तो वह संबंध व्यर्थ नहीं कहा जा सकता। जीवन की डायरी में वह भी एक सच्चा अध्याय होता है—भले ही संक्षिप्त हो।
आज के समय में संबंधों की सबसे बड़ी त्रासदी उनका टूटना नहीं, बल्कि उनका संवेदनाहीन हो जाना है। लोग साथ तो चलते हैं, पर मन से नहीं। शब्द होते हैं, पर संवाद नहीं; उपस्थिति होती है, पर जुड़ाव नहीं। ऐसे संबंध जीवन की यात्रा को आसान नहीं, बल्कि और बोझिल बना देते हैं। इसलिए लंबा साथ आवश्यक नहीं, बल्कि सार्थक साथ आवश्यक है।
जीवन की परिपक्वता इसी समझ में है कि हम हर मिलने वाले से अपेक्षा न करें कि वह जीवन भर साथ चलेगा। अपेक्षा जितनी अधिक होती है, पीड़ा उतनी ही गहरी होती है। इसका अर्थ यह नहीं कि हम भावनाओं से दूरी बना लें, बल्कि यह है कि हम भावनाओं को यथार्थ की जमीन पर खड़ा रखें।
अंततः जीवन हमें यही सिखाता है कि
हम रास्ते के स्वामी नहीं हैं, केवल यात्री हैं।
सहयात्री हमारे चयन से नहीं, संयोग से मिलते हैं।
और जो संयोग हमें थोड़ी दूर तक भी सच्चे मन से निभा जाए,
वह जीवन को अर्थ दे जाता है।
इसलिए यदि कोई आज साथ है, तो उसे पूरे मन से स्वीकारिए।
यदि कोई कल बिछड़ जाए, तो कृतज्ञता के साथ विदा दीजिए।
और यदि कोई जीवन भर साथ चल जाए—
तो उसे सौभाग्य मानकर सहेजिए।
क्योंकि जीवन की इस अनवरत यात्रा में
साथ की अवधि नहीं, उसकी संवेदना स्मरणीय होती है |
✒️ कुन्दन समदर्शी